बीकेटीसी बोर्ड बैठक में कर्मचारी हितों की आवाज बुलंद, उपाध्यक्ष ने रखे कई प्रस्ताव

बीकेटीसी बोर्ड बैठक में कर्मचारी हितों की आवाज बुलंद, उपाध्यक्ष ने रखे कई प्रस्ताव
जनगणमन.लाइव | 13 सितंबर 2026
ऋषिकेश। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की बोर्ड बैठक में मंदिर समिति के कर्मचारियों, हकहकूकधारियों और धार्मिक-सांस्कृतिक व्यवस्थाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में बीकेटीसी उपाध्यक्ष ने कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए कई प्रस्ताव रखे।
बैठक में अस्थायी कर्मचारियों के स्थायीकरण तथा समान कार्य के लिए समान वेतन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इसके साथ ही स्थायी कर्मचारियों की पदोन्नति, असमय दिवंगत हुए अस्थायी कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक सहायता तथा बिना स्थायी हुए सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को एकमुश्त आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग रखी गई।
बीकेटीसी से जुड़े हकहकूकधारियों, दस्तूरधारियों और बाजीगरों के लंबित आवेदनों के निस्तारण के लिए भी ठोस पहल किए जाने का प्रस्ताव रखा गया। इसके अलावा मंदिरों में बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए भीड़ प्रबंधन के लिए विषय-विशेषज्ञों की मदद लेने का सुझाव दिया गया।
बैठक में सीता माता मंदिर चांई के जीर्णोद्धार का मुद्दा भी उठाया गया। वहीं मंदिर समिति की कर्मचारी सेवा नियमावली में आवश्यक सुधार तथा वेद संस्कृत महाविद्यालय खोले जाने की दिशा में भी प्रस्ताव रखे गए।
बीकेटीसी उपाध्यक्ष के अनुसार बैठक में उनके द्वारा कर्मचारी एवं हकहकूकधारी हितों से जुड़े रखे गए प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। उन्होंने कहा कि मंदिर समिति के कर्मचारियों, हकहकूकधारियों तथा धार्मिक-सांस्कृतिक व्यवस्थाओं से जुड़े लोगों के हितों की आवाज आगे भी मजबूती से उठाई जाती रहेगी।
उन्होंने कहा कि बीकेटीसी की व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ कर्मचारियों के अधिकारों और लंबित समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

janganman

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share