बदरीनाथ धाम पहुंचे उद्योगपति एवं समाजसेवी सुशील कानौड़िया, सपरिवार किए भगवान बदरीविशाल के दर्शन
शयन आरती और महाभिषेक पूजा में हुए शामिल, मंदिर सेवा का लिया संकल्प; तुंगनाथ और गुप्तकाशी के मंदिरों के जीर्णोद्धार में भी कानौड़िया परिवार का योगदान
जनगणमन.लाइव | 23 अक्टूबर 2026
बदरीनाथ/गोपेश्वर। दिल्ली के प्रसिद्ध उद्योगपति एवं समाजसेवी सुशील कानौड़िया गुरुवार को सपरिवार श्री बदरीनाथ धाम पहुंचे और भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने गुरुवार को भगवान बदरीविशाल की शयन आरती तथा शुक्रवार को महाभिषेक पूजा में परिवार सहित प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान बदरीविशाल, माता लक्ष्मी और श्री घंटाकर्ण जी को ध्वज अर्पित किया तथा मंदिर की सेवा के लिए संकल्प लिया।
सुशील कानौड़िया ने मंदिर के रावल अमरनाथ नंबूदरी से भी आशीर्वाद प्राप्त किया। धाम पहुंचने पर मंदिर प्रभारी अधिकारी एवं प्रोटोकॉल अधिकारी राकेश सेमवाल ने कानौड़िया परिवार का स्वागत किया तथा प्रसाद और अंगवस्त्र भेंट किए।
मंदिरों के संरक्षण और जीर्णोद्धार में योगदान
कानौड़िया परिवार का छह दशकों से अधिक समय से सनातन धर्म, धार्मिक स्थलों के संरक्षण और समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान रहा है। परिवार ने श्री बदरीनाथ और श्री केदारनाथ धाम सहित देश के विभिन्न मंदिरों में सेवा, दान और जीर्णोद्धार से जुड़े कार्यों में सहभागिता की है।
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि कानौड़िया परिवार ने तृतीय केदार श्री तुंगनाथ मंदिर के शीर्ष कलश एवं छतरी के जीर्णोद्धार में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वर्ष 2024 में मंदिर की शीर्ष छतरी का निर्माण भी परिवार की ओर से कराया गया। इसके अतिरिक्त गुप्तकाशी स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर परिसर में श्री भैरवनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण एवं जीर्णोद्धार कराया गया।
परिवार की ओर से अनुसूया माता मंदिर में चांदी के सिंहासन का निर्माण तथा बदरीनाथ धाम यात्रा मार्ग पर पांडुकेश्वर से पहले जीआरईएफ कैंप के निकट शिव मंदिर का निर्माण भी कराया गया है। इन कार्यों को धार्मिक धरोहरों के संरक्षण और श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े स्थलों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण माना जाता है।
कर्मचारियों और साधु-संतों को वितरित किए वस्त्र-कंबल
बदरीनाथ प्रवास के दौरान सुशील कानौड़िया ने बीकेटीसी कर्मचारियों को जैकेट तथा साधु-संतों को वस्त्र और कंबल वितरित किए। इससे पूर्व उन्होंने श्री केदारनाथ धाम में भी दर्शन किए और जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए।
कानौड़िया परिवार के धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में सुशील कानौड़िया के साथ उनके अनुज उद्योगपति दिनेश कानौड़िया और दिवंगत विजय कानौड़िया का भी योगदान रहा है। बीकेटीसी की ओर से गुप्तकाशी स्थित श्री भैरवनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण एवं जीर्णोद्धार में सहयोग के लिए परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
परिवार के सदस्य भी रहे मौजूद
श्री बदरी-केदार यात्रा के दौरान सुशील कानौड़िया के साथ उनकी धर्मपत्नी ममता कानौड़िया, पुत्र दीपक कानौड़िया, पुत्रवधू पायल कानौड़िया, पुत्रियां चेरी गुप्ता और नेहा गोयल तथा पौत्र क्यान और कृषव मौजूद रहे।
इस अवसर पर बीकेटीसी के धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल, एसपी भट्ट, रंजन कुमार, देवकुमार, महेश कुमार, डॉ. हरीश गौड़, राहुल नेगी, योगंबर नेगी, राजदीप सनवाल, राजेश नंबूदरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे
Leave a Reply