बीकेटीसी के अस्थायी कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग पर मुख्यमंत्री का सकारात्मक आश्वासन: ऋषि प्रसाद सती
जनगणमन.लाइव | उत्तराखंड
देहरादून। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) में वर्षों से अस्थायी रूप से कार्यरत कर्मचारियों के नियमितीकरण एवं उनकी मांगों के निराकरण को लेकर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर वार्ता की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों से जुड़े प्रकरण पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए इसे शीघ्र निराकरण के लिए आगे बढ़ाने की बात कही।
ऋषि प्रसाद सती के अनुसार, बीकेटीसी के अस्थायी कर्मचारियों की मांगों को लेकर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष विजय कपरवाण तथा बोर्ड के सभी सम्मानित सदस्य समय-समय पर मुख्यमंत्री और शासन के उच्च अधिकारियों के समक्ष पक्ष रखते रहे हैं। इस विषय को पूर्व में भी मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया गया था।
उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की मांगों के समाधान के लिए एक बार फिर मुख्यमंत्री से मुलाकात कर विस्तार से वार्ता की गई। मुख्यमंत्री की ओर से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद अब इस प्रकरण को आगामी उच्चस्तरीय बैठक में रखे जाने की दिशा में पहल की जाएगी।
**कर्मचारी हितों के लिए बोर्ड प्रतिबद्ध: सती**
बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने कहा कि वर्षों से अस्थायी रूप से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों की मांगों को समिति के पूरे बोर्ड ने गंभीरता से उठाया है। कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख और आगामी उच्चस्तरीय बैठक में प्रकरण पर विचार होने से कर्मचारियों की मांगों के निराकरण का रास्ता निकलेगा।
फिलहाल कर्मचारियों को नियमित करने के संबंध में अंतिम निर्णय और औपचारिक आदेश जारी होना शेष है। ऐसे में आगामी उच्चस्तरीय बैठक और शासन स्तर पर होने वाली कार्रवाई पर कर्मचारियों की निगाहें टिकी हैं।”
Leave a Reply