भारतीय रेड क्रॉस शाखा चमोली द्वारा गोपेश्वर में अग्निशमन विभाग के जवानों को दिया गया एक दिवसीय प्राथमिक उपचार एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण

जनगणमन.लाइव | 28 सितंबर 2026

लोकेशन: गोपेश्वर, चमोली

 

गोपेश्वर। भारतीय रेड क्रॉस शाखा चमोली की ओर से सोमवार को जिला मुख्यालय गोपेश्वर में अग्निशमन विभाग के जवानों के लिए एक दिवसीय प्राथमिक उपचार एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान आपदा एवं दुर्घटना की स्थिति में गोल्डन ऑवर के दौरान घायलों को प्राथमिक उपचार देकर उनकी जान बचाने के लिए अपनाई जाने वाली महत्वपूर्ण तकनीकों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में रेड क्रॉस शाखा के सचिव सुरेंद्र रावत ने भारतीय रेड क्रॉस की भूमिका और जनपद चमोली में शाखा की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस द्वारा आपदा प्रभावित एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में प्राथमिक उपचार और आपदा प्रबंधन को लेकर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

शाखा के चेयरमैन ओम प्रकाश डोभाल ने आपदा की घटनाओं और आपदा के दौरान भारतीय रेड क्रॉस की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने जनपद में पूर्व में आई आपदाओं के दौरान रेड क्रॉस द्वारा किए गए राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी देते हुए आपदा न्यूनीकरण के उपायों पर भी चर्चा की।

 

जिला अस्पताल से प्रशिक्षण देने पहुंचे डॉ. विनीत थपलियाल ने प्राथमिक उपचार के अंतर्गत सीपीआर की तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने बड़ी दुर्घटनाओं में घायलों की स्थिति के अनुसार ट्राईज (Triage) की विभिन्न श्रेणियों के बारे में बताया। साथ ही रक्तस्राव को नियंत्रित करने के उपाय तथा कुत्ते, सांप और जंगली जानवरों, जैसे बंदर, लंगूर एवं भालू के काटने की स्थिति में अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। आग की घटनाओं में घायलों को सुरक्षित रखने और तत्काल प्राथमिक उपचार देने के तरीकों के बारे में भी प्रशिक्षण दिया गया।

 

अग्निशमन अधिकारी सुशील कुमार ने अग्निशमन विभाग की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने अग्निशमन जवानों को प्राथमिक उपचार एवं आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण देने के लिए रेड क्रॉस शाखा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विभाग भविष्य में भी रेड क्रॉस के साथ प्राथमिक उपचार एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित कार्यक्रमों में प्रतिभाग करता रहेगा।

 

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य आपदा एवं दुर्घटना के दौरान अग्निशमन जवानों की प्राथमिक उपचार संबंधी दक्षता बढ़ाना तथा गोल्डन ऑवर में प्रभावी सहायता उपलब्ध कराकर जान बचाने की क्षमता को मजबूत करना रहा।

janganman

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share