अल्मोड़ा के लमगड़ा में मासूम छात्रा की बेरहमी से पिटाई, डीएम के आदेश पर अतिथि शिक्षिका की सेवा समाप्त
लमगड़ा/अल्मोड़ा। शिक्षा के मंदिर में एक छोटी बच्ची के साथ हुई कथित बर्बरता ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा क्षेत्र स्थित एक सरकारी विद्यालय में पढ़ने वाली मासूम छात्रा की अतिथि शिक्षिका द्वारा बेरहमी से पिटाई किए जाने की घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट अंशुल सिंह स्वयं विद्यालय पहुंचे और पीड़ित बच्ची से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। इसके बाद प्रशासन ने मामले में कड़ा रुख अपनाया।
डीएम के आदेश पर बच्ची की पिटाई के मामले में संबंधित अतिथि शिक्षिका की सेवा समाप्त कर दी गई है। बताया जा रहा है कि उक्त अतिथि शिक्षिका पिछले करीब छह वर्षों से इस सरकारी विद्यालय में अध्यापन कार्य कर रही थी।
यह घटना एक बार फिर स्कूलों में बच्चों के साथ होने वाली शारीरिक हिंसा और अनुशासन के नाम पर क्रूरता के सवाल को सामने लेकर आई है। अभिभावकों और स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल बच्चों के लिए सुरक्षित और संवेदनशील वातावरण का स्थान होना चाहिए, जहां गलती होने पर उन्हें समझाया जाए, न कि हिंसा का शिकार बनाया जाए।
गौरतलब है कि पिछले दिनों विशाखापत्तनम से भी एक बच्चे की पिटाई के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने और हार्ट अटैक से जुड़ी खबर सामने आई थी। ऐसी घटनाएं बच्चों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों को लेकर चिंता बढ़ाती हैं।
लमगड़ा की घटना में जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से जहां लोगों ने राहत महसूस की है, वहीं क्षेत्रवासियों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर यह भी सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में किसी भी विद्यालय में किसी मासूम बच्चे के साथ इस तरह की घटना दोबारा न हो।
Leave a Reply