बदरीनाथ धाम में कल लगेगा माता मूर्ति मेला, भगवान उद्धव जाएंगे माता मूर्ति मंदिर
बामन द्वादशी पर निभाई जाएगी सदियों पुरानी परंपरा, तीन बजे तक बंद रहेंगे बदरीनाथ मंदिर के कपाट
जनगणमन.लाइव | 22 सितंबर 2026
श्री बदरीनाथ। भाद्रपद मास शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि यानी बामन द्वादशी के अवसर पर बुधवार को श्री बदरीनाथ धाम में माता मूर्ति महोत्सव एवं मेला धार्मिक उल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। माता मूर्ति उत्सव को लेकर बदरीनाथ धाम और माणा क्षेत्र में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मंगलवार देर शाम माणा गांव के घन्याल एवं श्री घंटाकर्ण महाराज भगवान बदरीविशाल को माता मूर्ति मंदिर पहुंचने का न्योता देंगे। वहीं श्री त्रियुगीनारायण मंदिर में भी बामन द्वादशी का मेला शुरू हो गया है।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने माता मूर्ति महोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी हैं।
माता मूर्ति मंदिर जाएगी भगवान उद्धव की डोली
पौराणिक परंपरा के अनुसार प्रत्येक द्वादशी तिथि पर बदरीश पंचायत की ओर से बदरीनाथ धाम के रावल की अगुवाई में डिमरी पंचायत के प्रतिनिधि भगवान नारायण के प्रतिनिधि श्री उद्धव जी को लेकर माणा क्षेत्र स्थित माता मूर्ति मंदिर पहुंचते हैं।
माणा गांव पहुंचने पर महिला मंगल दल और श्रद्धालुओं द्वारा श्री उद्धव जी को जौ की हरियाली भेंट की जाती है। इसके बाद भगवान उद्धव जी माता मूर्ति मंदिर पहुंचकर माता मूर्ति देवी के दर्शन एवं कुशलक्षेम की परंपरा निभाते हैं।
सुबह 10 बजे प्रस्थान करेंगे उद्धव जी
बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 10 बजे श्री बदरीनाथ धाम से भगवान नारायण के प्रतिनिधि श्री उद्धव जी माता मूर्ति मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे। वहां पूजा-अर्चना, अभिषेक और दिन के भोग की धार्मिक परंपराएं संपन्न की जाएंगी।
इस दौरान श्री बदरीनाथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेंगे। शाम करीब 3 बजे भगवान उद्धव जी के बदरीनाथ मंदिर लौटने के बाद मंदिर के दर्शन पुनः शुरू होंगे।
माता मूर्ति मेले के समापन के बाद शाम को कुबेर जी के पश्वा द्वारा मंदिर में स्नान करने की परंपरा भी निभाई जाएगी। यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है।
हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना
माता मूर्ति मेले में स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे तीर्थयात्री भी बड़ी संख्या में शामिल होते हैं। इस अवसर पर आईटीबीपी, सेना और दानदाताओं की ओर से भंडारे भी आयोजित किए जाते हैं।
मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुलिस, एसडीआरएफ, होमगार्ड तथा मंदिर समिति के अधिकारी-कर्मचारी भी तैनात रहेंगे।
ये लोग रहेंगे मौजूद
माता मूर्ति महोत्सव के अवसर पर बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती एवं सदस्यगण, बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी, बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल, मंदिर अधिकारी यदुवीर पुष्पवान, वेदपाठीगण, माता मूर्ति पुजारी हनुमान प्रसाद डिमरी, तीर्थ पुरोहितगण सहित मंदिर समिति के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहेंगे।
Leave a Reply