जनगणना-2027 के तहत चमोली जनपद के हिमाच्छादित एवं दुर्गम गांवों के नागरिकों के लिए ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा शुरू कर दी गई है। जिले के 25 स्नो बाउंड विलेज के निवासी 17 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक घर बैठे ऑनलाइन अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी गौरव कुमार ने जिला सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 सितंबर से 30 सितंबर तक प्रगणक और सुपरवाइजर इन गांवों में घर-घर जाकर मैपिंग एवं जनगणना का कार्य करेंगे। इसके बाद 1 अक्टूबर से 5 अक्टूबर तक पुनरीक्षण किया जाएगा।
25 स्नो बाउंड विलेज चिन्हित
जिलाधिकारी ने बताया कि चमोली जिले में कुल 25 हिमाच्छादित गांवों को इस विशेष प्रक्रिया के लिए चिन्हित किया गया है। इनमें ज्योतिर्मठ तहसील के नीती, गमशाली, बम्पा, फरकिया गांव, गुरुगुटी, मेहरगांव, कैलाशपुर, मलारी, कोषा, जेलम, द्रोणागिरी, गरपाक, कागा लगा द्रोणागिरी, लमतोली, जुम्मा, रेवेल चाक कुरकुटी, तोलमा, माणा, भ्यूंडार, बामणी, बद्रीनाथ, खीरो और ओध हनुमान चट्टी शामिल हैं। इसके अलावा चमोली तहसील के रुद्रनाथ और पांगर्वासा (कांचुला खर्क) को भी स्नो बाउंड विलेज की सूची में शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में नवंबर से अप्रैल तक भारी बर्फबारी और विषम परिस्थितियों के कारण अधिकांश परिवार निचले क्षेत्रों की ओर प्रवास कर जाते हैं। ऐसे में समय रहते जनगणना की प्रक्रिया पूरी करना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती होती है।
घर बैठे भर सकेंगे करीब 40 प्रश्नों की जानकारी
स्नो बाउंड विलेज के नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना के दौरान लगभग 40 आसान प्रश्नों की जानकारी दर्ज करनी होगी। स्व-गणना पूरी होने के बाद प्राप्त कोड नंबर को सुरक्षित रखना जरूरी होगा। 1 सितंबर से 30 सितंबर के बीच जब प्रगणक घर-घर पहुंचेंगे तो नागरिक यह कोड नंबर उन्हें उपलब्ध करा सकेंगे। इससे जनगणना की प्रक्रिया को अधिक सुगम और त्वरित रूप से पूरा करने में मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सभी हिमाच्छादित गांवों के नागरिकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर स्व-गणना पूरी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में शीतकाल के दौरान आवागमन और परिवारों की उपलब्धता चुनौतीपूर्ण हो जाती है। इसलिए यह सुविधा नागरिकों और प्रशासन दोनों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी।
कई गांवों में बड़ी संख्या में दर्ज हैं परिवार
उपलब्ध सूची के अनुसार मलारी में 400 परिवार, माणा में 558, बामणी में 508 और बद्रीनाथ में 342 परिवार दर्ज हैं। इसके अलावा गमशाली में 108, गुरुगुटी में 101, जेलम में 81, तोलमा में 74, कोषा में 71 और जुम्मा में 62 परिवार दर्ज हैं। कुछ गांवों और क्षेत्रों को गैर-बसासत अथवा गैर-आबाद श्रेणी में भी रखा गया है।
पहले चरण में शत-प्रतिशत कार्य पूरा
जनगणना-2027 के प्रथम चरण में चमोली जनपद में स्व-गणना के माध्यम से मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य किया जा चुका है। इस चरण के लिए जिले में 1,469 जनगणना ब्लॉक बनाए गए थे। कार्य को पूरा करने के लिए 814 प्रगणक, 145 सुपरवाइजर और 24 चार्ज अधिकारियों की तैनाती की गई थी और निर्धारित प्रक्रिया के तहत शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण किया गया।
Leave a Reply