चमोली के 1,078 आंगनबाड़ी केंद्रों पर हुईं 7,308 गतिविधियां, पोषण माह का समापन

चमोली के 1,078 आंगनबाड़ी केंद्रों पर हुईं 7,308 गतिविधियां, पोषण माह का समापन

4,661 होम विजिट, 588 किशोरियों की हीमोग्लोबिन जांच; गांव-गांव पहुंचा पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता का संदेश

जनगणमन.लाइव | 08 अक्टूबर 2026

गोपेश्वर। जनपद चमोली में बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित पोषण माह का गुरुवार को समापन हो गया। जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में आयोजित समापन कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने किया। पोषण माह के दौरान जिले के सभी 1,078 आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी संदीप अरोड़ा ने बताया कि पोषण माह के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर गर्भवती एवं धात्री माताओं, किशोरियों, बच्चों तथा आमजन को संतुलित आहार, पर्याप्त पोषण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। अभियान में आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम सहित विभिन्न विभागों के कार्मिकों ने भी सहभागिता की।

आहार विविधता और प्रोटीन पर रहा जोर

इस वर्ष पोषण माह की थीम आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन रही। इसके तहत स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग तथा संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी गई। विभिन्न स्थानों पर पोषण मटका, दादी अम्मा की रसोई और स्वास्थ्य जांच शिविर सहित अनेक गतिविधियां आयोजित की गईं।

4,661 घरों तक पहुंचीं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां

पोषण माह के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने घर-घर जाकर 4,661 होम विजिट कीं। इस दौरान परिवारों को बच्चों के पोषण, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के खान-पान, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई।

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत प्रथम प्रसव के 139 और द्वितीय प्रसव के 50 लाभार्थियों के आवेदन फार्म लिए गए। वहीं 56 लाभार्थियों की एनपीसीआई मैपिंग भी की गई।

588 किशोरियों की हीमोग्लोबिन जांच

किशोरियों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए जनपद के 11 इंटर कॉलेजों में 588 किशोरियों के हीमोग्लोबिन की जांच की गई। जांच के माध्यम से किशोरियों में एनीमिया की स्थिति का पता लगाने के साथ उन्हें स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई।

7,308 गतिविधियां डैशबोर्ड पर दर्ज

विभाग के अनुसार पोषण माह के दौरान पोषण डैशबोर्ड पर कुल 7,308 गतिविधियां दर्ज की गईं, जबकि 2,359 सामुदायिक आधारित गतिविधियां आयोजित की गईं। ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी इन गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता की।

आंगनबाड़ी केंद्रों पर गोद भराई, अन्नप्राशन और सुपोषण दिवस जैसी सामुदायिक गतिविधियां आयोजित की गईं। बच्चों के वजन एवं स्वास्थ्य की जांच कर कुपोषित और अति कुपोषित बच्चों को चिन्हित किया गया तथा उन्हें आवश्यक सेवाओं से जोड़ने का कार्य किया गया।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित

पोषण माह के सफल आयोजन और उत्कृष्ट कार्य के लिए समापन कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों, ब्लॉक कोऑर्डिनेटरों, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं एवं सुपरवाइजरों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर 20 बालिकाओं को स्वच्छता किट भी वितरित की गईं।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंह पाल, जिला समन्वयक विनोद पुंडीर, जिला कार्यक्रम सहायक दिव्या रावत, मिशन शक्ति डीएमसी जगदीश पुरोहित, ऋतु नेगी, आशीष नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट : कृष्ण सेमवाल

janganman

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share