रूद्रप्रयाग आम जनता की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने और सरकारी योजनाओं की जानकारी सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाने के उद्देश्य से रुद्रप्रयाग जिले में ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम के तहत 25 और 26 अगस्त को जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में कार्यक्रम की पहली कड़ी 25 अगस्त को विकासखंड जखोली की न्याय पंचायत सकन्याणा में आयोजित होगी। जन संवाद बैठक की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया करेंगे।
वहीं, 26 अगस्त को विकासखंड ऊखीमठ की ग्राम पंचायत बेडुला में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस बैठक की अध्यक्षता लोक निर्माण विभाग ऊखीमठ के अधिशासी अभियंता राकेश नैथानी करेंगे।
दोनों जन संवाद कार्यक्रम पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होंगे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद करेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और पात्र मामलों का मौके पर ही निस्तारण करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से जिला और तहसील मुख्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी शिकायतों का निस्तारण स्थानीय स्तर पर ही किया जा सके।
इसके लिए सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित तिथियों पर कार्यक्रम में स्वयं अथवा अपने अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से उपस्थित रहने को कहा गया है। प्रशासन ने ग्रामीणों से भी जन संवाद कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखने और सरकारी योजनाओं की जानकारी लेने की अपील की है।
Leave a Reply