चमोली में मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर भाजपा नेता मिले मुख्यमंत्री से 

चमोली में मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर भाजपा नेता मिले मुख्यमंत्री से
सीएम धामी से मिला प्रतिनिधिमंडल, कहा—मेडिकल कॉलेज से स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार को मिलेगा नया आधार
जनगणमन.लाइव | 08 अक्टूबर 2026
चमोली। सीमांत जनपद चमोली में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर भाजपा नेताओं ने आवाज बुलंद की है। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते हुए चमोली में मेडिकल कॉलेज की स्थापना को प्राथमिकता देने की मांग की।

 

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले चमोली में गंभीर मरीजों और दुर्घटना में घायलों को उच्चस्तरीय उपचार के लिए ऋषिकेश और देहरादून जैसे शहरों तक जाना पड़ता है। कई दूरस्थ क्षेत्रों से यह दूरी करीब 300 किलोमीटर तक पहुंच जाती है। ऐसे में मेडिकल कॉलेज के साथ विशेषज्ञ चिकित्सा और ट्रॉमा सुविधाएं उपलब्ध होने से समय पर उपचार देकर अनेक जानें बचाई जा सकती हैं।
भाजपा नेताओं ने कहा कि चमोली एक महत्वपूर्ण सीमांत जनपद है, जहां बड़ी संख्या में युवा सेना में भर्ती होकर देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं। ऐसे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूसरे जनपदों पर निर्भर रहना पड़ना चिंता का विषय है।
स्वास्थ्य के साथ शिक्षा और रोजगार को भी मिलेगा लाभ
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से कहा कि मेडिकल कॉलेज स्थापित होने से चमोली में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी। साथ ही चिकित्सा शिक्षा, नर्सिंग, पैरामेडिकल, तकनीकी और अन्य क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर अवसर मिलेंगे और पलायन रोकने की दिशा में भी ठोस आधार तैयार होगा।
भाजपा नेताओं ने कहा कि चमोली की जनता मेडिकल कॉलेज के लिए आवश्यक भूमि एवं अन्य सहयोग उपलब्ध कराने को तैयार है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयास से यह संस्थान सीमांत जनपद में स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार का बड़ा केंद्र बन सकता है।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री धामी से चमोली की भौगोलिक परिस्थितियों और सीमांत क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए शासन स्तर पर शीघ्र ठोस पहल करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रघुवीर सिंह बिष्ट, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, नगर पालिका परिषद गोपेश्वर अध्यक्ष संदीप सिंह रावत, पूर्व प्रमुख एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नंदन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खत्री, पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्णमणि थपलियाल, पूर्व बदरी-केदार मंदिर समिति उपाध्यक्ष किशोर सिंह पंवार सहित अन्य वरिष्ठ भाजपा नेता शामिल रहे ।

janganman

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share