गोपेश्वर। निजमुला घाटी की विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को जनप्रतिनिधियों ने गढ़वाल मंडल आयुक्त से मुलाकात कर क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। इस दौरान झींझी मोटर पुल का निर्माण नवंबर माह तक पूरा करने का आश्वासन दिया गया, जबकि झींझी पुल से पाणा गांव तक बंद पड़े मोटर मार्ग को तत्काल खोलने के निर्देश दिए गए।
गोपेश्वर में जिलाधिकारी चमोली कार्यालय में गढ़वाल आयुक्त की अध्यक्षता में आयोजित जनसमस्याओं के कार्यक्रम में जिले के जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, आपदा प्रबंधन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
भाजपा चमोली के पूर्व जिलाध्यक्ष रघुबीर बिष्ट की अध्यक्षता में निजमुला घाटी के जनप्रतिनिधियों ने आयुक्त के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं रखीं। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि बिरही-निजमुला मोटर मार्ग पर काली चट्टान के समीप पिछले वर्ष से लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण निजमुला घाटी के करीब 12 गांवों के ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग क्षेत्र के गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख और एकमात्र सड़क संपर्क मार्ग है।
लगातार हो रहे भूस्खलन की समस्या को गंभीरता से लेते हुए गढ़वाल आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता तनुज कांबोज से मौके की स्थिति की जानकारी मांगी और समस्या की रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि इसके स्थायी समाधान की दिशा में शीघ्र कार्रवाई हो सके।
2019 से निर्माणाधीन है झींझी पुल
जनप्रतिनिधियों ने बिरही-निजमुला मोटर मार्ग पर वर्ष 2019 से निर्माणाधीन बहुप्रतीक्षित झींझी मोटर पुल का मामला भी प्रमुखता से उठाया। पुल का निर्माण लंबे समय से पूरा नहीं होने के कारण क्षेत्रवासियों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अधिकारियों ने गढ़वाल आयुक्त को नवंबर माह तक झींझी पुल का निर्माण पूर्ण करने का आश्वासन दिया। आयुक्त ने जनप्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि निर्धारित समयसीमा में पुल निर्माण पूरा कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पाणा-ईरानी मार्ग तत्काल खोलने के निर्देश
जनप्रतिनिधियों ने झींझी पुल से पाणा गांव तक बंद पड़े मोटर मार्ग को तत्काल खुलवाने की मांग भी रखी। इस पर गढ़वाल आयुक्त ने पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को मार्ग को तत्काल खोलने के निर्देश दिए। इससे पाणा, ईरानी, झींझी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर प्रधान संगठन के पूर्व जिलाध्यक्ष मोहन नेगी, महेंद्र नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सीमा नेगी, ग्राम प्रधान पाणा राजीव कुमार, ग्राम प्रधान झींझी मोहन नेगी, पूर्व ग्राम प्रधान लक्ष्मण खाती, क्षेत्र पंचायत सदस्य कर्ण सिंह, ग्राम प्रधान मोली भगत सिंह, ब्यारा के पूर्व प्रधान बृज कुमार, कान सिंह बिष्ट, भरत राणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Leave a Reply