गांव-गांव पहुंचेगी मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना, चमोली में उद्यमिता चौपाल आयोजित
जनजागरूकता वाहन रवाना, महिलाओं और युवाओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित
चमोली, 21 अगस्त 2026। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना (MUY) को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए चमोली जनपद में विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है। शुक्रवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर के ऑडिटोरियम हॉल में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना-चौपाल (एमएसएमई चौपाल) का आयोजन किया गया। इस दौरान योजना के प्रचार-प्रसार के लिए IEC एवं जनजागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
चौपाल का उद्देश्य जिले में स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देना तथा संभावित उद्यमियों, सूक्ष्म एवं लघु उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय युवाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों, वित्तीय संस्थानों, प्रशिक्षण प्रदाताओं और स्थानीय समुदाय के बीच सीधा संवाद भी स्थापित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित मुख्य सेवक सदन से किया। गोपेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन का वर्चुअल माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया, जिसे युवाओं, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों ने सुना।
1 सितंबर तक विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचेगा जनजागरूकता वाहन
मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए रवाना किया गया जनजागरूकता वाहन 21 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक जिले के विभिन्न विकासखंडों और न्याय पंचायत क्षेत्रों में पहुंचेगा।
यह वाहन गोपेश्वर, मंडल, चमोली, बिरही, हेलंग, जोशीमठ, तपोवन, नंदप्रयाग, घाट, कर्णप्रयाग, सिमली, नारायणबगड़, थराली, देवाल, गैरसैंण, मेहलचौरी और पोखरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर युवाओं, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों को योजना की जानकारी देगा।
प्रशिक्षण से लेकर बाजार तक मिलेगा मार्गदर्शन
जनजागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता, वित्तीय सहयोग, सब्सिडी, उद्यमी पंजीकरण, ब्रांडिंग, उत्पाद पैकेजिंग और बाजार से जुड़ाव की जानकारी दी जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय संसाधनों, कौशल और रुचि के अनुरूप उद्यम स्थापित करने के लिए भी इच्छुक लोगों को आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। योजना के तहत प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता, गुणवत्ता सुधार और स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
हिलांस भोजनालय के लिए 6 लाख रुपये की सहायता
कार्यक्रम में हरियाली स्वायत्त सहकारिता को सहयोग प्रदान करते हुए अंजलि देवी को उद्यम शुरू करने और हिलांस भोजनालय के संचालन के लिए 6 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।
विभागों ने दी स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी
उद्यमिता चौपाल में उद्यान, कृषि, उद्योग, मत्स्य, पर्यटन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं, अनुदान, सब्सिडी और उद्यम स्थापना के लिए उपलब्ध सहायता की विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्यम गतिविधियों और स्वरोजगार की संभावनाओं से प्रतिभागियों को अवगत कराया।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टॉल, स्वयं सहायता समूहों और युवाओं के लिए पंजीकरण डेस्क, उत्पाद एवं उद्यम प्रदर्शनी, विभागीय मार्गदर्शन सत्र तथा बैंकिंग एवं ऋण सुविधा सहायता डेस्क भी स्थापित किए गए। यहां प्रतिभागियों को उद्यम स्थापना, पंजीकरण, ऋण और वित्तीय सहायता से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में दर्जा मंत्री हरक सिंह, प्रेम सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह, भेषज संघ अध्यक्ष सतेंद्र असवाल, महामंत्री अरुण मैठाणी, विनोद कनवासी, रघुवीर बिष्ट, नंदी राणा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक आनंद सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, स्थानीय उद्यमी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
Leave a Reply