जनगणमन.लाइव। देहरादून, 22 अगस्त

मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को ऐतिहासिक समर्थन,

2.5 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने साझा किया अपना विजन
उत्तराखंड के भविष्य पर युवाओं की सोच: 140 श्रेष्ठ विचारों पर मुख्यमंत्री धामी करेंगे सीधा संवाद

पर्यटन से रोजगार और पर्यावरण तक, विद्यार्थियों ने बताया कैसा हो ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर शुरू किए गए ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को प्रदेशभर के विद्यार्थियों से व्यापक समर्थन मिल रहा है। राज्य के सरकारी और निजी विद्यालयों के कक्षा 11वीं और 12वीं के अब तक 2.5 लाख से अधिक विद्यार्थी अपने निबंध और सुझाव पोर्टल पर जमा कर उत्तराखंड के भविष्य को लेकर अपना विजन साझा कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 10 अगस्त को प्रदेशभर के करीब तीन लाख विद्यार्थियों के साथ ऑनलाइन संवाद करते हुए उनसे आह्वान किया था कि वे बताएं कि आने वाले वर्षों में वे अपने उत्तराखंड को किस रूप में देखना चाहते हैं। मुख्यमंत्री के इस आह्वान के बाद विद्यार्थियों ने अभियान में उत्साह के साथ भागीदारी शुरू की।
विद्यार्थियों ने पर्यटन, रोजगार, सामाजिक विकास, वन एवं पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीक समेत आठ प्रमुख विषयों पर अपने सुझाव और नए विचार प्रस्तुत किए हैं। ये निबंध केवल एक प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उत्तराखंड की नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और भविष्य के प्रदेश को लेकर उनकी सोच का दस्तावेज बनते जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि विद्यार्थियों से प्राप्त अच्छे और व्यावहारिक सुझावों का स्वयं अवलोकन किया जाएगा। उपयोगी विचारों को राज्य की नीतियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं में शामिल करने की दिशा में भी प्रयास किया जाएगा।
140 श्रेष्ठ विचारों पर मुख्यमंत्री करेंगे संवाद
अभियान के तहत 140 श्रेष्ठ विचारों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और सचिवों के साथ अपने विचारों पर चर्चा करने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इन विद्यार्थियों से स्वयं संवाद कर उनके विजन और अनुभवों को सुनेंगे।
श्रेष्ठ विद्यार्थियों को करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग के साथ अन्य पुरस्कार प्रदान करने की भी व्यवस्था की गई है। पोर्टल पर निबंध जमा करने वाले सभी विद्यार्थियों को डिजिटल प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
अभियान के संयोजक डॉ. राहुल अग्रवाल ने बताया कि नई पीढ़ी को सीधे राज्य की विकास प्रक्रिया और नीति निर्माण की सोच से जोड़ने की यह एक अभिनव पहल है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से लगातार प्रविष्टियां मिल रही हैं। 24 अगस्त 2026 निबंध जमा करने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं अभियान की नियमित समीक्षा कर रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की युवा पीढ़ी केवल विकास योजनाओं की लाभार्थी न रहे, बल्कि ‘विकसित उत्तराखंड’ की संकल्पना और नीति निर्माण में सक्रिय भागीदार भी बने।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “हमारे विद्यार्थी केवल उत्तराखंड का भविष्य नहीं हैं, बल्कि उनके विचार आज के उत्तराखंड को भी नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं। ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ के माध्यम से हम नई पीढ़ी की सोच को सुन रहे हैं। युवाओं के अच्छे और व्यावहारिक सुझावों को प्रदेश के विकास में स्थान दिया जाएगा।”

janganman

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share