जिलाधिकारी का सख्त रूख श्रम कार्ड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, एक माह में सभी पात्र श्रमिकों के कार्ड बनाने का दिया लक्ष्य

श्रम कार्ड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, एक माह में सभी पात्र श्रमिकों के कार्ड बनाने का लक्ष्य
चमोली, जनगणमन.लाइव 22 अगस्त 2026। जिलाधिकारीगौरव कुमार ने जिले में पात्र श्रमिकों के श्रम कार्ड निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान चलाकर आगामी एक माह के भीतर सभी पात्र श्रमिकों के श्रम कार्ड बनाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी पात्र श्रमिक सरकार की योजनाओं और सुविधाओं के लाभ से वंचित न रहे।
शनिवार को श्रम कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को श्रम कार्ड बनाने के लिए जारी किए जाने वाले टोकनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने प्रतिदिन बनने वाले श्रम कार्डों की रिपोर्ट नियमित रूप से उपलब्ध कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी को पूरे अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य की प्रगति की निरंतर समीक्षा कर आवश्यकतानुसार व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने श्रम कार्ड निर्माण से जुड़ी एजेंसियों की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने गैर-प्रदर्शनकारी सीएससी सेंटरों को चेतावनी जारी करने तथा अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों के कार्ड बनाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पात्र श्रमिकों के कार्ड निर्माण के लिए आवश्यक अनुशंसाएं भी समयबद्ध ढंग से भेजने को कहा गया।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने ब्लॉक स्तर पर भी श्रमिकों को श्रम कार्ड बनवाने की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस संबंध में उन्होंने परियोजना निदेशक को ब्लॉक ऑपरेटरों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रम कार्ड निर्माण को अभियान के रूप में संचालित किया जाए और एक माह के भीतर सभी पात्र श्रमिकों को इस सुविधा से जोड़ा जाए, जिससे उन्हें विभिन्न श्रम कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

janganman

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share