नेशनल के.वी. चैंपियनशिप में जनपद के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, स्वर्ण व कांस्य पदक जीते
जनपद के प्रतिभाशाली ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। बेंगलुरु में आयोजित नेशनल के.वी. ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जनपद के होनहार खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक अपने नाम किया।
जानकारी के अनुसार, 7 अगस्त से 11 अगस्त 2026 तक बेंगलुरु में आयोजित बालक वर्ग की के.वी. ताइक्वांडो नेशनल चैंपियनशिप में जनपद के खिलाड़ी श्रेय किमोठी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। वहीं, 15 अगस्त से 19 अगस्त 2026 तक आयोजित बालिका वर्ग की प्रतियोगिता में कु. हिफजा नूर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर अपने शहर, जनपद एवं राज्य का गौरव बढ़ाया।
कु. हिफजा नूर की इस उपलब्धि के बाद उनका चयन भारतीय खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित होने वाली एसजीएफआई चैंपियनशिप के लिए भी हो गया है। यह प्रतियोगिता अक्टूबर माह में हिमाचल प्रदेश में आयोजित होगी, जिसमें हिफजा नूर उत्तराखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी।
दोनों खिलाड़ियों के जनपद लौटने पर जिला ताइक्वांडो समिति द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष शहबाज अहमद, उपाध्यक्ष उपासना के. डिमरी, सचिव रुचि देवी, कोषाध्यक्ष भावना जीना सहित समिति के सदस्य चंद्रमोहन, रंजनादेवी, राजकुमार शाह तथा दोनों खिलाड़ियों के कोच शुभम शाह ने खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जनपद के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि यह सफलता जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।
Leave a Reply