जनगणमन.लाइव गोपेश्वर 20 अगस्त
चमोली में पीआईबी का ‘वार्तालाप’ एवं क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला आयोजित
अंतिम व्यक्ति तक केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में मीडिया की भूमिका पर जोर
गोपेश्वर, 20 अगस्त। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी), देहरादून की ओर से सीमांत जनपद चमोली में ‘वार्तालाप’ एवं क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाने तथा स्थानीय मीडिया की भूमिका को लेकर अधिकारियों और पत्रकारों के बीच विस्तृत संवाद हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट, नगर पालिका अध्यक्ष गोपेश्वर संदीप रावत, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, वरिष्ठ पत्रकार क्रांति भट्ट तथा पीआईबी के सहायक निदेशक संजीव सुन्द्रियाल ने किया।
कार्यशाला में स्वास्थ्य, कृषि, मत्स्य पालन, महिला एवं बाल विकास, नशामुक्ति, स्वरोजगार, स्थानीय उत्पादों तथा जीआई टैग से संबंधित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी दी, जबकि लाभार्थियों ने योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभव साझा किए।
ब्लॉक स्तर पर आयोजित हों ‘वार्तालाप’ कार्यक्रम : दौलत बिष्ट
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट ने कहा कि इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम सीमांत जनपद के लिए बेहद उपयोगी हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि पीआईबी के ‘वार्तालाप’ कार्यक्रमों को जनपद के ब्लॉक स्तर पर भी आयोजित किया जाना चाहिए, ताकि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी गांवों के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
उन्होंने तमक नाला, नीति घाटी तथा टीएचडीसी पीपलकोटी में हुई आपदाओं के दौरान जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की भी सराहना की।
प्रचार-प्रसार के अभाव में लोग योजनाओं से वंचित न रहें : संदीप रावत
नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत ने कहा कि केंद्र सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाएं ऐसी हैं, जिनकी पर्याप्त जानकारी आम लोगों तक नहीं पहुंच पाती। मीडिया और प्रशासन के बीच इस प्रकार के संवाद से योजनाओं की प्रमाणिक जानकारी जनता तक पहुंचाई जा सकती है।
युवाओं के मुद्दों पर सकारात्मक पत्रकारिता जरूरी : एसपी
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने नशामुक्त भारत अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में अभियान के तहत 140 नारकोटिक्स किट वितरित किए गए हैं। उन्होंने युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक एवं जिम्मेदार पत्रकारिता की आवश्यकता पर जोर दिया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल ने नशामुक्त भारत अभियान के तहत संचालित कार्यक्रमों, स्कूलों के 100 मीटर के दायरे में नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक तथा नशामुक्ति केंद्रों और काउंसलिंग व्यवस्था की जानकारी दी।
सड़क दुर्घटना में घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले को ₹25 हजार तक पुरस्कार
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंह पाल ने स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले स्थानीय व्यक्ति को राहगीर योजना के तहत ₹25 हजार तक की पुरस्कार राशि दी जाती है। इसके अलावा आयुष्मान योजना, जननी सुरक्षा योजना और नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
ई-20 पेट्रोल और किसानों के लाभ पर चर्चा
खाद्य पूर्ति अधिकारी अंकित पांडेय ने ई-20 पेट्रोल की जानकारी देते हुए बताया कि इसके निर्माण में चावल, मक्का और गन्ने जैसे कृषि उत्पादों का उपयोग किया जाता है। उन्होंने ई-20 के माध्यम से किसानों को मिलने वाले संभावित लाभ और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े पहलुओं की जानकारी साझा की।
नंदा गौरा योजना में समय पर पंजीकरण की अपील
जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु बडोला ने बालिकाओं के लिए संचालित नंदा गौरा योजना की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों से समय पर पंजीकरण कराने की अपील की।
सहायक निदेशक मत्स्य नितेश कुमार चंद्र ने मत्स्य किसान समृद्धि योजना के तहत ट्राउट मछली उत्पादन तथा युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी।
स्थानीय उत्पादों को जीआई टैग दिलाने पर जोर
जिला उद्यान अधिकारी नितेन्द्र सिंह ने चमोली के स्थानीय एवं विशिष्ट उत्पादों को जीआई टैग दिलाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को मशरूम एवं कीवी की खेती के लिए प्रोत्साहित करते हुए जनपद में संचालित फार्मों और उपलब्ध संभावनाओं के बारे में बताया।
मीडिया सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी : संजीव सुन्द्रियाल
पीआईबी के सहायक निदेशक संजीव सुन्द्रियाल ने कहा कि सीमांत जनपद चमोली में ‘वार्तालाप’ आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य प्रामाणिक और तथ्यपरक जानकारी के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं को मीडिया के जरिए दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि चमोली में तैयार होने वाले स्थानीय उत्पादों और यहां की संस्कृति को पहचान दिलाने के साथ-साथ केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों को अधिक से अधिक लाभ दिलाना भी कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है। सीमांत क्षेत्रों के हर गांव और हर घर तक योजनाओं का लाभ पहुंचे, इसी उद्देश्य से चमोली को कार्यक्रम के लिए चुना गया।
उन्होंने कहा कि स्थानीय मीडिया सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है। मीडिया के माध्यम से योजनाओं की सही और प्रमाणिक जानकारी दूरस्थ गांवों तक पहुंचने से पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।
कार्यशाला के दौरान अधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों के बीच विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार, स्थानीय मुद्दों तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका को लेकर विस्तृत संवाद हुआ।














Leave a Reply