15 जुलाई को रुद्रप्रयाग की ग्राम पंचायतों में होंगे उप प्रधान पद के चुनाव, प्रशासन ने जारी की समय-सारणी
जनगणमन.लाईव रुद्रप्रयाग, 07 जुलाई। जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में उप प्रधान पद के निर्वाचन के लिए जिला प्रशासन ने विस्तृत समय-सारणी जारी कर दी है। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) विशाल मिश्रा ने निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जारी कार्यक्रम के अनुसार 15 जुलाई को प्रातः 10:00 बजे से 11:00 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर 12:30 बजे तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे, जबकि 12:30 बजे से 1:00 बजे तक चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद शाम 4:00 बजे से मतगणना प्रारंभ की जाएगी, जो परिणाम घोषित होने तक जारी रहेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने सभी संबंधित अधिकारियों को समय से सभी तैयारियां पूर्ण करने, मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।