निजमुला घाटी की समस्याएं जनता दरबार में गूंजी, डीएम तीन दिन बाद करेंगे स्थलीय निरीक्षण

 निजमुला घाटी की समस्याएं जनता दरबार में गूंजी, डीएम तीन दिन बाद करेंगे स्थलीय निरीक्षण

निजमुला घाटी की समस्याएं जनता दरबार में गूंजी, डीएम तीन दिन बाद करेंगे स्थलीय निरीक्षण

जनगणमन.लाईव

गोपेश्वर, चमोली। निजमुला घाटी की ज्वलंत समस्याओं को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने सोमवार को जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार से जनता दरबार में मुलाकात की। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने बिरही-निजमुला मोटर मार्ग पर स्थित काली चट्टान भूस्खलन क्षेत्र और बहुप्रतीक्षित झींझी पुल निर्माण में हो रही देरी का मामला प्रमुखता से उठाया।

जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को बताया कि बिरही-निजमुला मोटर मार्ग 12 ग्राम पंचायतों एवं 20 से अधिक गांवों को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला एकमात्र प्रमुख मार्ग है। मार्ग पर काली चट्टान क्षेत्र में लंबे समय से भूस्खलन की समस्या बनी हुई है, जिससे बार-बार यातायात बाधित हो रहा है। हाल ही में हुई बारिश के कारण भी यह मार्ग पूरे दिन बंद रहा, जिससे स्थानीय लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने ब्रिडकुल अधिकारियों को भूस्खलन क्षेत्र के तत्काल उपचार (ट्रीटमेंट) के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वह स्वयं तीन दिन के भीतर मौके का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। साथ ही मानसून के दौरान लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए काली चट्टान क्षेत्र में पीआरडी जवानों की तैनाती के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने झींझी पुल निर्माण कार्य में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई पोखरी के अधिशासी अभियंता को तत्काल तलब कर प्रगति रिपोर्ट मांगी तथा निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने झींझी पुल के वैकल्पिक बाईपास मार्ग को मानसून अवधि में लगातार सुचारु रखने के भी निर्देश दिए, ताकि पाणा, ईरानी, भनाली और बोना क्षेत्र के लोगों का आवागमन प्रभावित न हो।

इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, पूर्व ग्राम प्रधान मोहन नेगी, भरत सिंह राणा, बृज कुमार, महेंद्र नेगी, ग्राम प्रधान झींझी मोहन नेगी, ग्राम प्रधान गोना सुनीता देवी, ग्राम प्रधान गाड़ी मंदोदरी देवी, वीरेंद्र फरस्वाण, कर्ण सिंह फरस्वाण, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपा देवी, ग्राम प्रधान ईरानी सीमा नेगी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी द्वारा समस्याओं के समाधान हेतु दिए गए आश्वासनों का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि मानसून से पहले आवश्यक कार्यों में तेजी लाई जाएगी।

janganman

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share