कमरे में मिला बीए छात्र का शव, जांच में जुटी पुलिस

 कमरे में मिला बीए छात्र का शव, जांच में जुटी पुलिस

घसिया महादेव में किराये के कमरे में मिला बीए छात्र का शव, जांच में जुटी पुलिस

श्रीनगर गढ़वाल। जनगणमन‌.लाइव। श्रीनगर के घसिया महादेव क्षेत्र में मंगलवार को एक बीए छात्र का शव उसके किराये के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोतवाली श्रीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अनीश कुमार (25) पुत्र वीरेंद्र कुमार, निवासी समस्तीपुर (बिहार) के रूप में हुई है। वह हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय का बीए तृतीय वर्ष का छात्र था और घसिया महादेव स्थित चौरास झूला पुल के समीप किराये के कमरे में रहकर अध्ययन कर रहा था।

जानकारी के अनुसार मंगलवार को पड़ोसियों ने कमरे के भीतर अनीश को फंदे से लटका देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस का कहना है कि युवक पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। उनके श्रीनगर पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

janganman

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share