तोता घाटी में बड़ा हादसा टला, चलती कार पर गिरा भारी बोल्डर; चार यात्री बाल-बाल बचे
जनगणमन.लाईव
ऋषिकेश/चमोली, 29 जून। ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोता घाटी के पास सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर टूटकर सीधे एक चलती कार पर गिर गया। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन उसमें सवार चारों युवक सुरक्षित बच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चार दोस्त कार से बद्रीनाथ धाम की यात्रा पर जा रहे थे। जैसे ही उनका वाहन तोता घाटी क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी ऊपर पहाड़ी से अचानक एक विशाल बोल्डर टूटकर कार के अगले हिस्से पर आ गिरा। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत सहायता के लिए दौड़ लगाई। राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी चारों युवक सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि बोल्डर कार के बीच वाले हिस्से पर गिरता, तो बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था। इस घटना ने एक बार फिर बरसात के मौसम में पहाड़ी मार्गों पर यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानी की आवश्यकता को उजागर किया है।
स्थानीय लोगों ने यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि पर्वतीय मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतें तथा लैंडस्लाइड और ओवरहेड फॉलिंग-रॉक जोन में अनावश्यक रूप से वाहन न रोकें। बारिश के दौरान पहाड़ियों से पत्थर गिरने की घटनाओं की आशंका अधिक रहती है, इसलिए प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करना आवश्यक है।