16 दिन से लापता नाबालिग किशोरी का शव बयासी में नदी से बरामद, परिजनों ने की शिनाख्त

 16 दिन से लापता नाबालिग किशोरी का शव बयासी में नदी से बरामद, परिजनों ने की शिनाख्त

जनगणमन‌. लाईव

श्रीनगर/ऋषिकेश। श्रीनगर से 16 दिनों से लापता चल रही नाबालिग किशोरी के मामले में बुधवार देर शाम दुखद खबर सामने आई। बयासी क्षेत्र में नदी से एक बालिका का शव बरामद होने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीनगर पुलिस को सूचना मिली कि बयासी क्षेत्र में नदी के किनारे एक बालिका का शव दिखाई दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया।

पुलिस ने लापता किशोरी के परिजनों को भी सूचना दी, जिसके बाद परिवारजन ऋषिकेश पहुंचे। वहां उन्होंने शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की। शिनाख्त होते ही परिवार में मातम छा गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

उल्लेखनीय है कि किशोरी पिछले 16 दिनों से लापता थी। उसकी तलाश के लिए श्रीनगर पुलिस, एसडीआरएफ और जल पुलिस द्वारा लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा था। नदी किनारों और अन्य संभावित स्थानों पर व्यापक खोजबीन की गई थी।

मामले को लेकर बीते दिनों वाल्मीकि समाज एवं स्थानीय लोगों ने श्रीनगर कोतवाली में प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की थी। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को एक सप्ताह का अल्टीमेटम भी दिया था और मामले के जल्द खुलासे की मांग की थी।

फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

janganman

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share