जनगणमन.लाइव | चमोली

पीपलकोटी में THDC की टनल में बड़ा हादसा, मलबा और पानी आने से कई मजदूर फंसे; आठ सुरक्षित निकाले

 

चमोली जिले के पीपलकोटी क्षेत्र में गुरुवार को THDC की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी आने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे के बाद टनल के भीतर कई लोगों के फंसे होने की सूचना है। घटना की गंभीरता को देखते हुए राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।

चमोली जिलाधिकारी गौरव कुमार ने हादसे की पुष्टि की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रेस्क्यू टीमों ने टनल के भीतर फंसे आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, जबकि अन्य लोगों को बाहर निकालने के लिए अभियान लगातार जारी है।

NDRF और SDRF की टीमें मौके के लिए रवाना

हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और संबंधित बचाव एजेंसियां सक्रिय हो गईं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक लखपत बुटोला भी घटना स्थल की ओर रवाना हो गये स्थिति की गंभीरता को देखते हुए NDRF और उत्तराखंड SDRF की टीमों को मौके पर भेजा गया है। टनल के भीतर मलबा और पानी आने के कारण रेस्क्यू टीमों को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों से ली जानकारी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीपलकोटी स्थित THDC टनल के भीतर मलबा एवं पानी आने की सूचना प्राप्त हुई है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वे स्वयं अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं और घटनाक्रम की जानकारी ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री के अनुसार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना है। उन्होंने सभी लोगों के सकुशल बाहर आने की प्रार्थना भी की है।

रेस्क्यू पर टिकी निगाहें

फिलहाल बचाव दल टनल के भीतर फंसे लोगों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे हैं। प्रशासन की ओर से रेस्क्यू अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है। हादसे में कितने लोग फंसे हैं और कितने लोग घायल हुए हैं, इसकी विस्तृत जानकारी रेस्क्यू अभियान आगे बढ़ने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

टनल के अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना फिलहाल प्रशासन और बचाव एजेंसियों की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है।

janganman

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share