जनगणमन.लाइव 22 अगस्त
नीती घाटी आपदा में लापता BRO जवान पंकज सिंह का शव 12 दिन बाद बरामद
चमोली। नीती घाटी के तमक क्षेत्र में 10 अगस्त को आई विनाशकारी आपदा के दौरान लापता हुए सीमा सड़क संगठन (BRO) के जवान पंकज सिंह का शव 12 दिन बाद बरामद कर लिया गया। पंकज सिंह तमक नाले में आए अचानक तेज बहाव और मलबे की चपेट में आने के बाद लापता हो गए थे।
घटना के बाद से ही लापता जवान की तलाश के लिए व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा था।
खोज अभियान में गढ़वाल स्काउट आर्मी की टीम, 20 एडी यूनिट के जवान, सेना के डॉग स्क्वायड तथा अन्य बचाव दलों को लगाया गया था। जवान की तलाश के लिए तमक नाले, मलबे और आसपास के नदी तटीय क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग की जा रही थी।
लगातार 12 दिनों तक चले अभियान के दौरान धौलीगंगा नदी के किनारे भलागांव के पास पंकज सिंह का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना मिलते ही BRO के जवान और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी लापता BRO हवलदार पंकज की तलाश के लिए अधिकारियों को अभियान तेज करने के निर्देश दिए थे और उनके परिजनों से फोन पर बातचीत कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिया था।
नीती घाटी में 10 अगस्त को तमक नाले में अचानक आए सैलाब ने भारी तबाही मचाई थी। तेज बहाव में वैली ब्रिज बह गया था और सीमा क्षेत्र को जोड़ने वाला मार्ग भी प्रभावित हुआ था। इसी दौरान BRO का जवान लापता हुआ था।
जवान का शव मिलने की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर है। आपदा के बाद से परिजन और क्षेत्रवासी पंकज सिंह की सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए हुए थे, लेकिन 12 दिन बाद उनका शव बरामद होने की सूचना से माहौल गमगीन हो गया।












Leave a Reply