कलेक्ट्रेट परिसर में गरजे मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी, 12 सूत्रीय मांगों को लेकर दिया एक दिवसीय धरना
जनगणमन.लाईव
गोपेश्वर (चमोली)। उत्तरांचल फैडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रीयल सर्विसेज एसोसिएशन के आह्वान पर आज जनपद चमोली के मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। लंबे समय से मांगों के संबंध में शासनादेश निर्गत न होने से आक्रोशित कर्मचारियों ने जिला कलेक्ट्रेट परिसर गोपेश्वर में एक दिवसीय जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखंड सरकार को एक ज्ञापन भी प्रेषित किया।
शुक्रवार को आयोजित इस धरना कार्यक्रम में जनपद के सभी सरकारी विभागों के मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्र हुए। कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी 12 सूत्रीय जायज मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन सरकार द्वारा अभी तक इस संबंध में कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया है और न ही शासनादेश जारी किए गए हैं, जिससे कर्मचारियों में भारी निराशा और आक्रोश है।
धरना स्थल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिला संयोजक सतीश कुमार, शिक्षा विभाग के जिला संयोजक राजेश कपरवाण, स्वास्थ्य विभाग के राकेश नेगी और कलेक्ट्रेट कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष गिरजा प्रसाद कोठियाल ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से धैर्य बनाए हुए हैं, लेकिन सरकार की बेरुखी के कारण अब आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही 12 सूत्रीय मांगों का समाधान कर शासनादेश जारी नहीं किए गए, तो संगठन प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
सभा को संबोधित करने वालों में कुलदीप खण्डूड़ी, वन विभाग से अंजू और पुष्कर सिंह बिष्ट भी शामिल थे। वक्ताओं ने सभी विभागों के कर्मचारियों से एकजुट रहने की अपील की।
इस अवसर पर कर्मचारी नेता नीतू जोशी, बीना बिष्ट, उषा सहित भारी संख्या में विभिन्न विभागों के मिनिस्ट्रीयल संवर्ग के कर्मचारी और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Leave a Reply