वोट बचाओ-देश बचाओ मार्च में गरजे कांग्रेसी, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जताया विरोध

वोट बचाओ-देश बचाओ मार्च में गरजे कांग्रेसी, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जताया विरोध
लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत गोपेश्वर में कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पुतले का किया दहन
जनगणमन.लाइव | 08 अक्टूबर 2026
गोपेश्वर। लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत बुधवार को जिला मुख्यालय गोपेश्वर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “वोट बचाओ-देश बचाओ” जिलास्तरीय मार्च निकालकर निर्वाचन व्यवस्था को लेकर विरोध जताया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश कुमार डिमरी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता बस स्टैंड से अंबेडकर भवन तक पहुंचे और गगनभेदी नारों के साथ प्रदर्शन किया।
अंबेडकर भवन पहुंचकर कांग्रेसजनों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद राष्ट्रगान गाया गया तथा संविधान के अनुच्छेद 326 का वाचन किया गया, जो सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार का प्रावधान करता है।
इस दौरान प्रदेश सचिव वीरेंद्र सिंह रावत, पूर्व प्रदेश महामंत्री हरिकृष्ण भट्ट, जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र फर्स्वाण, ब्लॉक अध्यक्ष शैलेन्द्र नेगी सहित वक्ताओं ने लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा को लेकर विचार रखे। कांग्रेस नेताओं ने निर्वाचन आयोग में कथित संस्थागत हस्तक्षेप का आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग दोहराई।
इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता वापस बस स्टैंड पहुंचे, जहां विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले का दहन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री संदीप झिंक्वाण ने किया।
ऋमार्च में पीसीसी सदस्य अरविंद नेगी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष ऊषा रावत, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष आनंद सिंह पंवार, जिला मीडिया प्रभारी गोविंद सिंह सजवाण, नगर अध्यक्ष अनिल कठैत,  रामकृष्ण भटृ जिला प्रवक्ता तेजवीर कंडेरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट : कृष्ण सेमवाल

janganman

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share