नौ माह से नहीं हुई बीडीसी बैठक, ग्राम प्रधान संगठन ने उठाए सवाल

नौ माह से नहीं हुई बीडीसी बैठक, ग्राम प्रधान संगठन ने उठाए सवाल
ज्योतिर्मठ (चमोली)। सीमांत विकासखंड ज्योतिर्मठ में करीब नौ माह से क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की बैठक आयोजित नहीं होने का मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान संगठन ज्योतिर्मठ ने इस संबंध में उपजिलाधिकारी के माध्यम से उत्तराखंड सरकार के पंचायती राज मंत्री को ज्ञापन भेजकर जल्द बीडीसी बैठक आयोजित कराने की मांग की है।

ज्ञापन में ग्राम प्रधान संगठन ने बताया कि विकासखंड ज्योतिर्मठ में पहली बीडीसी बैठक 29 जनवरी 2026 को हुई थी। इसके बाद करीब नौ माह बीतने के बावजूद अब तक दूसरी बैठक नहीं हो पाई है। संगठन के अनुसार विकासखंड में 58 ग्राम पंचायतें और 23 क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं, जिनसे जुड़े जनप्रतिनिधियों के लिए नियमित बैठकें महत्वपूर्ण हैं।

संगठन ने आरोप लगाया कि जनवरी में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधियों की ओर से कई प्रस्ताव रखे गए थे, लेकिन अभी तक संबंधित अधिकारियों की ओर से उन प्रस्तावों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। इससे जनप्रतिनिधियों में नाराजगी है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि ज्योतिर्मठ क्षेत्र धार्मिक एवं ऐतिहासिक पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यहां बदरीनाथ, औली, डालीसेरा, कल्पेश्वर, नृसिंह मंदिर और अन्य पर्यटन स्थल हैं। क्षेत्र के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के लिए बीडीसी बैठक नियमित रूप से होना जरूरी बताया गया है।

ग्राम प्रधान संगठन ने मांग की है कि तत्काल बीडीसी बैठक का एजेंडा जारी कर बैठक आयोजित की जाए तथा सभी विभागों के विभागाध्यक्षों को प्रगति रिपोर्ट के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए जाएं। संगठन ने बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग भी की है।

ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी चमोली, मुख्य विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी ज्योतिर्मठ सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।

janganman

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share