गोपेश्वर जिला अस्पताल में एमआरआई मशीन और तकनीकी स्टाफ की नियुक्ति की मांग तेज, सांसद महेंद्र भट्ट ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
जनगणमन.लाईव
गोपेश्वर। जनपद चमोली के जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में एमआरआई मशीन स्थापित करने और उसके संचालन के लिए आवश्यक तकनीकी स्टाफ की नियुक्ति की मांग को लेकर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजा है।
10 जून 2026 को लिखे गए पत्र में सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा है कि गोपेश्वर जनपद चमोली का मुख्यालय होने के साथ-साथ जिला चिकित्सालय भी यहीं स्थित है, लेकिन अस्पताल में एमआरआई जैसी महत्वपूर्ण जांच सुविधा उपलब्ध न होने और तकनीकी स्टाफ के अभाव के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि एमआरआई सुविधा नहीं होने के कारण गंभीर मरीजों को कई बार आपातकालीन स्थिति में श्रीनगर, देहरादून सहित अन्य बड़े अस्पतालों के लिए रेफर करना पड़ता है। लंबी दूरी तय करने की मजबूरी से मरीजों की जान को भी खतरा बना रहता है।
सांसद ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि इस संबंध में गोपेश्वर निवासी नवल किशोर भट्ट द्वारा भी अनुरोध किया गया है। उन्होंने जनहित को देखते हुए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में शीघ्र एमआरआई मशीन स्थापित करने तथा उसके संचालन के लिए आवश्यक तकनीकी स्टाफ की नियुक्ति करने के निर्देश देने का अनुरोध किया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से पत्र पर टिप्पणी अंकित करते हुए इसे “शीघ्र, चिकित्सा सचिव आवश्यक कार्यवाही करें” के निर्देश के साथ अग्रेषित किया गया है, जिससे मामले में आगे की कार्रवाई की उम्मीद बढ़ गई है।
यदि यह प्रस्ताव स्वीकृत होता है तो चमोली जनपद सहित आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों के हजारों मरीजों को एमआरआई जांच के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।