हेलंग–मारवाड़ी बाईपास निर्माण में अनियमितताओं का आरोप, यूकेडी ने जिलाधिकारी से की कार्रवाई की मांग
हेलंग–मारवाड़ी बाईपास निर्माण में अनियमितताओं का आरोप, यूकेडी ने जिलाधिकारी से की कार्रवाई की मांग
गोपेश्वर, 4 अगस्त। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) चमोली ने हेलंग–मारवाड़ी बाईपास निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर जिलाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप और कार्रवाई की मांग की है। पार्टी का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी की जा रही है, जिससे अलकनंदा नदी और जोशीमठ क्षेत्र पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
मंगलवार को यूकेडी के जिला महामंत्री सुबोध बिष्ट तथा कार्यकारी अध्यक्ष पंकज पुरोहित ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य से निकलने वाला मलबा बिना स्वीकृत डंपिंग ज़ोन के सीधे अलकनंदा नदी में डाला जा रहा है, जिससे नदी के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि निर्माण स्थल पर लगातार ब्लास्टिंग की जा रही है, जबकि जोशीमठ नगर पहले से ही भू-धंसाव जैसी गंभीर समस्या का सामना कर रहा है। ऐसे में भारी विस्फोट स्थानीय लोगों की सुरक्षा और पर्यावरणीय संतुलन के लिए चिंता का विषय हैं।
यूकेडी नेताओं ने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए, नदी में कथित अवैध डंपिंग और अनियंत्रित ब्लास्टिंग पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा यदि अनियमितताएं पाई जाती हैं तो संबंधित एजेंसियों एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्य पर्यावरणीय नियमों, न्यायालय तथा संबंधित प्राधिकरणों के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही कराया जाना चाहिए।
पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो जनहित और पर्यावरण संरक्षण के लिए उत्तराखंड क्रांति दल आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगा।
———- जनगणमन.लाइव
